Wednesday, 16 September 2026

Home / Crime /

a-20-year-old-studen...

कोटा में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने किया सुसाइड,फ्लैट में फंदे से लटकी मिली

छोटी बहन के साथ जुलाई में ही किराए पर लिया था फ्लैट

News Image

NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने किया सुसाइड

कोटा में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने सुसाइड कर लिया। छात्रा मंगलवार शाम कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित लैंडमार्क सिटी की ओरोलाइट मल्टी स्टोरी के फ्लैट में फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

कुन्हाड़ी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज के अनुसार, मृतका की पहचान छतरपुर (मध्य प्रदेश) निवासी खुशबू पटेल (20) के रूप में हुई है। खुशबू अपनी छोटी बहन खुशी के साथ कोटा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। दोनों बहनें वर्ष 2023 से कोटा के एक कोचिंग संस्थान में पढ़ रही थीं। खुशबू NEET और उसकी छोटी बहन खुशी JEE की तैयारी कर रही है।

जुलाई में लिया था फ्लैट 

पुलिस के मुताबिक, दोनों बहनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी स्थित फ्लैट किराए पर लिया था। मंगलवार शाम खुशी कोचिंग से वापस फ्लैट पहुंची, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। उसने अपनी सहेली को फोन कर मौके पर बुलाया। मल्टी स्टोरी में रहने वाले लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई।

खबरों की अविरल धारा

इसके बाद फ्लैट का लॉक खुलवाया गया। अंदर खुशबू फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम

पुलिस ने शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को छतरपुर में दी गई है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुसाइड के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें
×