दिहाड़ी मजदूर की बेटी को 20.98 करोड़ की आय का नोटिस
आधार-पैन के दुरुपयोग का दावा, स्नातक छात्रा बोली, मेरे नाम से दिल्ली में फर्जी कंपनी चलाकर किया करोड़ों का कारोबार
मजदूर की बेटी
उन्नाव की एक स्नातक छात्रा उस समय हैरान रह गई, जब आयकर विभाग से उसे 20.98 करोड़ रुपये की कथित आय और कारोबार को लेकर समन मिला। छात्रा का दावा है कि उसके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर दिल्ली में फर्जी कंपनी चलाई गई। गिरिजाबाग निवासी रश्मि सविता ने बताया कि आयकर विभाग (चंडीगढ़) ने उनसे करोड़ों रुपये के लेनदेन का जवाब मांगा। जानकारी जुटाने पर पता चला कि 'आरएस एंटरप्राइजेज' नाम की कंपनी कथित तौर पर उनके दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में संचालित की गई थी। रश्मि का कहना है कि उनका इस कंपनी से कोई संबंध नहीं है। उनके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार ने कभी कोई कारोबार नहीं किया। छात्रा ने आयकर विभाग को अपना जवाब सौंप दिया है।
साथ ही उन्होंने सार्वजनिक शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से आधार-पैन के दुरुपयोग की जांच कर दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है।
