Friday, 17 April 2026

Home / Crime /

19-year-old-boy-comm...

खिंच गई लकीर...19 साल के लड़के की लाश को लेकर मुर्दाघर के बाहर गहमागहमी

कोनाता में खुदकुशी का मामला, शव को लेकर एसएमएस अस्पताल के मुर्दाघर पर ननिहाल वालों और पिता के बीच विवाद

News Image

सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के मुर्दाघर के बाहर शव लेने को अलग अलग बैठे नाना और पिता व उनके पक्ष के लोग

जयपुर।

कानोता थाना इलाके में एक 19 वर्षीय लड़का राहुल अपने ननिहाल में पंखे पर फंदा लगाकर झूल गया। ननिहाल वाले उसे लेकर एसएमएस अस्पताल आ गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लड़का बचपन से ननिहाल में ही रहता था, उसकी मां का पिता से विवाद था। वह पीहर आ गई थी। इधर राहुल की मौत की सूचना पर झोटवाड़ा में रहने वाले उसके दादा-पिता और अन्य परिजन भी मुर्दाघर पहुंच गए। दोनों पक्ष शव लेने पर अड़े हुए हैं। डॉक्टरों ने पुलिस को कहा है कि पहले तय कर लो शव किसे दिया जाएगा, तभी पोस्टमार्टम करेंगे।

मामला कानोता थाना इलाके में नायला रोड पर गीला की नांगल गांव का है। रिटायर्ड हैड मास्टर भैरव लाल रैगर का नाती राहुल जाटोलिया (19) शनिवार रात अपने कमरे में सोया था। सुबह देर तक नहीं उठा तो ननिहाल वालों ने दरवाजा खटखटाया, काफी देर तक जवाब नहीं आया जो दरवाजा तोड़कर देखा। राहुल छत के पंखे पर फंदे से झूल रहा था। उसे उतारकर परिजन तुरंत एसएमएस अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

राहुल का शव लेने को लेकर उसके नाना भैरव लाल और पिता मोहन लाल में विवाद हो गया। मुर्दाघर के बाहर ही दोनों पक्ष सहमति के इंतजार में बैठ गए। पुलिस दोनों को समझाइस करने में जुटी है।

राहुल के नाना का कहना है कि उसकी बेटी काफी समय पहले ही ससुर से पीहर आकर रहने लगी थी। एक नाती और एक नातिन थे। राहुल की मां की कुछ समय पहले मौत हो गई। तब भी ससुराल वाले नहीं आए। नातिन की हाल ही में शादी भी नाना ने की, तब भी उसके पिता या कोई अन्य नहीं आया। अब राहुल की मौत हो गई तो शव लेने के लिए पिता व अन्य लोग भी आ गए।

दूसरे पक्ष के लोग झाेटवाड़ा के बताए जा रहे हैं। राहुल के पिता का नाम मोहन लाल है। दूसरे पक्ष का कहना है कि राहुल उनका बेटा है, शव पर उसका हक है, वे ही लेंगे। इधर कानोता थाने से पुलिस मौके पर आई है, खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों को सहमत करने का प्रयास जारी है। पुलिस वाले भी बीच से उठकर चले गए कि पहले दोनों पक्ष समझौता कर लो तब पंचनाम भरा जाएगा। यह भी पढ़ें

एसओजी ने फर्जी टाइप कंपनियां बनाकर लोगों को मुनाफे का झांसा देकर ठगने वाले शातिर को पकड़ा

×