weather-changes-in-r...
नौतपा के बीच आंधी-बारिश और ओलों से मिली राहत
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
राजस्थान में नौतपा की तपिश के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। झुंझुनूं, करौली, दौसा और अलवर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने गर्मी का असर कम कर दिया। कहीं लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली तो कहीं तेज अंधड़ परेशानी का कारण बन गया।
झुंझुनूं में ओलों की सफेद चादर
झुंझुनूं जिले के बगड़ इलाके में करीब 20 मिनट तक जोरदार ओलावृष्टि हुई। हालात ऐसे बने कि सड़कें और खेत सफेद नजर आने लगे। मौसम में आए इस बड़े बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। दिन का तापमान 47 डिग्री से गिरकर 39.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रात में भी मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
करौली और अलवर में गर्मी से राहत
करौली और अलवर में घने बादलों के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई इलाकों में गर्जना भी सुनाई दी। लगातार पड़ रही गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह मौसम किसी राहत से कम नहीं रहा। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए।
दौसा में अंधड़ बना आफत
दौसा में तेज अंधड़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई जगह बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर और पेड़ गिर गए। टिन-शेड उड़ने से भी नुकसान हुआ। लालसोट रोड पर बिजली का पोल गिरने के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें