आमेर महल में मिला 400 साल पुराना जल संग्रहण टांका, अब पर्यटक भी देख सकेंगे
मानसिंह महल में बारादरी के नीचे छिपी थी वर्षा जल सहेजने की व्यवस्था
आमेर महल में मिला 400 साल पुराना टांका
राजस्थान के राजा सदियों पहले भी पानी की अहमियत समझते थे। इसकी झलक जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल में मिली करीब 400 साल पुरानी जल संग्रहण प्रणाली में देखने को मिलती है। महल के सबसे प्राचीन हिस्से मानसिंह महल में बारादरी के ठीक नीचे वर्षा जल संग्रहण का भूमिगत टांका मिला है। पुरातत्व विभाग ने इसका संरक्षण और नवीनीकरण कराया है। अब पर्यटक भी इस प्राचीन संरचना को अंदर जाकर देख सकेंगे।
छतों से टांके तक पहुंचता था बारिश का पानी
यह संरचना बताती है कि पारंपरिक राजस्थानी वास्तुकला में जल संरक्षण की कितनी बारीक योजना बनाई जाती थी। महल की छतों, खुले गलियारों और चौकों पर गिरने वाला बारिश का पानी विशेष जल निकासी व्यवस्था के जरिए भूमिगत टांके तक पहुंचाया जाता था।
इस ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटकों के अवलोकन के लिए तैयार करने में आमेर महल अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक, आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अभियंताओं और संरक्षण कार्य कर रही फर्म मेसर्स विपांशु एंटरप्राइजेज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें