virat-and-anushka-re...
चर्चा में विराट-अनुष्का की वृंदावन यात्रा
संत प्रेमानंद से लिया आशीर्वाद
वृंदावन। आईपीएल ट्रॉफी जीतने की खुशी के बीच विराट कोहली और अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक शांति की तलाश में वृंदावन पहुंचे। क्रिकेट मैदान पर बड़ी सफलता हासिल करने के बाद दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और कुछ समय आध्यात्मिक चर्चा में बिताया।
वृंदावन से सामने आए वीडियो में विराट और अनुष्का बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। अनुष्का ने पारंपरिक परिधान पहना हुआ था, जबकि विराट के गले में तुलसी की माला और माथे पर तिलक दिखाई दिया। दोनों ने आम श्रद्धालुओं की तरह आश्रम पहुंचकर संत का आशीर्वाद प्राप्त किया।
खास बात यह रही कि इस बार मुलाकात श्री राधा केली कुंज के बजाय यमुना किनारे स्थित उस स्थान पर हुई, जहां इन दिनों संत प्रेमानंद एकांतवास कर रहे हैं। बताया जाता है कि विराट और अनुष्का पहले भी कई बार वृंदावन आकर संत प्रेमानंद से मार्गदर्शन ले चुके हैं।
मन की शांति और आत्मिक संतुलन
दुनिया भर की शोहरत और सफलता के बीच विराट-अनुष्का का यह आध्यात्मिक पक्ष लोगों को खास संदेश देता है कि जीवन में उपलब्धियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, मन की शांति और आत्मिक संतुलन का महत्व हमेशा बना रहता है। यही वजह है कि उनकी यह यात्रा सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच रही है और कई लोग इसे सफलता के बाद विनम्रता का उदाहरण बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें