नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में बाढ़, 35 घर और 6 पुल बहे; 10 लोग लापता
कई इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में बाढ़
नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाढ़ में करीब 35 घर और छह पुल बह गए, जबकि कम से कम 10 लोग लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
बाढ़ का पानी सुबह करीब 4 बजे बस्तियों में घुसा, जिसके बाद लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। 341 मेगावाट क्षमता वाली बूढ़ी गंडकी जलविद्युत परियोजना का निर्माण कैंप और कई मशीनें भी बह गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से चुन्चुब्री स्यारी नदी का रास्ता अवरुद्ध हो गया था। इससे पानी जमा हुआ और फिर अचानक तेज बहाव के साथ नीचे आया।
गोरखा जिला पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर आकाश कंडेल के अनुसार, सिरदिबास और धारचे ग्रामीण नगरपालिका के खोर्लाबेसी, माछाखोला, सोती, अरखेत और आरुघाट के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। NDRRMA के मुख्य कार्यकारी डॉ. धर्मराज उप्रेती ने बताया कि ऊपरी क्षेत्र से बाढ़ का पानी आरुघाट पहुंचने में करीब तीन घंटे लगते हैं, जिससे निचले इलाकों के लोगों को निकलने का समय मिल सकता है।
यह भी पढ़ें