Tuesday, 15 September 2026

Home / Sports /

the-indian-womens-ho...

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया

जूनियर महिला हॉकी में दर्ज की सबसे बड़ी जीत

News Image

पूजा मलिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन के मोकी में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने गुरुवार को जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह जूनियर महिला हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीत है। मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरुआत से ही देखने को मिला। भारत ने पहले हाफ में 10 गोल दागे, जबकि दूसरे हाफ में 9 गोल किए। दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की। पहले क्वार्टर में ही टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच गोल कर दिए।

पूजा साहू ने 7वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद ने 9वें मिनट में गोल किया। तनुश्री दिनेश कडू ने 11वें मिनट में गोल दागा। 13वें मिनट में सुखवीर कौर और सानिका चंद्रकांत माने ने एक-एक गोल करते हुए भारत की बढ़त को 5-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए।

इस तरह पहले हाफ का खेल खत्म होने तक भारत ने 10-0 की विशाल बढ़त हासिल कर ली थी।

तीसरे क्वार्टर में भारत की ओर से पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने गोल किए। इसके बाद आखिरी क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा।

कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक, सुप्रिया, बिनीमा धन और रोशनी ऐंद ने चौथे क्वार्टर में गोल दागे।

खबरों की अविरल धारा

पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। वहीं रोशनी ऐंद ने 60वें मिनट में भारत की ओर से 19वां और मैच का आखिरी गोल किया।

भारत ने बनाए 18 पेनल्टी कॉर्नर

पूरे मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा इस बात से भी समझा जा सकता है कि उसे 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला।

इसके मुकाबले पाकिस्तान को पूरे मैच में न तो कोई गोल मिला, न पेनल्टी कॉर्नर और न ही पेनल्टी स्ट्रोक।

इस शानदार जीत के साथ भारत ने जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है और डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर अपने खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया है।

यह भी पढ़ें
×