राजस्थान के यात्रियों को राहत, उधना से अयोध्या कैंट के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
कोटा स्टेशन पर भी होगा ठहराव
दिवाली पर यात्रियों को राहत
दीपावली और आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गुजरात के सूरत स्थित उधना जंक्शन से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। त्योहारों के आसपास कई ट्रेनों में अभी से नो रूम और लंबी वेटिंग की स्थिति बन रही है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन नंबर 09097 उधना-अयोध्या कैंट फेस्टिवल स्पेशल 6 अक्टूबर से 24 नवंबर के बीच कुल आठ फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार सुबह 6:45 बजे उधना से रवाना होकर उसी दिन शाम 6:20 बजे कोटा पहुंचेगी। इसके बाद बुधवार सुबह 11:30 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 09098 अयोध्या कैंट-उधना फेस्टिवल स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक आठ फेरे करेगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार दोपहर 1:30 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। गुरुवार सुबह 5:40 बजे कोटा और शाम 5:30 बजे उधना पहुंचेगी।
रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन आते और जाते समय बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, ईदगाह (आगरा), बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, गोधरा, वड़ोदरा और भरूच स्टेशनों पर रुकेगी।
यह भी पढ़ें