राजस्थान में पहला यूथ बजट तैयार करने की तैयारी
2027-28 के बजट के लिए युवाओं से मांगे सुझाव
भजनलाल सरकार का 'यूथ प्लान'
राजस्थान सरकार ने वर्ष 2027-28 के लिए प्रदेश का पहला यूथ बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्त विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर युवाओं से सर्वांगीण विकास, रोजगार सृजन, कौशल उन्नयन और युवा कल्याण से जुड़े सुझाव मांगे गए हैं।
इसी कवायद के बीच युवाओं की डिजिटल प्रोफाइल तैयार करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की निगरानी को तकनीक से मजबूत करने का सुझाव भी सामने आया है। प्रस्तावित डिजिटल व्यवस्था में युवाओं की शिक्षा, कौशल, रुचि और रोजगार संबंधी जरूरतों के आधार पर सरकारी अवसरों तक पहुंच आसान बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनियमितताओं पर नजर रखने के लिए ट्रैकर व्यवस्था का सुझाव भी दिया गया है। हालांकि, इसे अभी लागू हो चुकी नई व्यवस्था नहीं माना जा रहा है। यह फिलहाल यूथ एजेंडे और बजट सुझावों से जुड़ा प्रस्ताव है।
यदि भविष्य में इसे डिजिटल सिस्टम का हिस्सा बनाया जाता है तो आवेदन, परीक्षा, परिणाम, आपत्ति, दस्तावेज सत्यापन और भर्ती की प्रगति जैसे अलग-अलग चरणों को एक निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है।
युवा मामलों के जानकार विवेक शर्मा के अनुसार, यूथ बजट के लिए सुझाव मांगे जा रहे हैं और ट्रैकर व्यवस्था भी इन्हीं प्रस्तावों में शामिल है।
यह भी पढ़ें