leopard-enters-house...
ग्रामीणों का प्रदर्शन, वन विभाग के रेंज ऑफिस में तोड़फोड़
जिला अस्पताल में भर्ती घायल महिला
सवाई माधोपुर के टोडरा गांव में रविवार देर रात एक लेपर्ड घर में घुस गया और चारपाई पर सो रही 78 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। घायल महिला को वन विभाग की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, लेपर्ड ने महिला के सिर और गर्दन को जबड़े में दबोच लिया और उन्हें करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। वह दीवार फांदकर महिला को दूसरी ओर ले जाने की कोशिश कर रहा था, तभी महिला के बेटे ने उनके पैर पकड़ लिए। परिवार के अन्य सदस्यों के शोर मचाने पर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सोमवार को घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में फलोदी रेंज ऑफिस पहुंचे। उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और कार्यालय में तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, वन विभाग की ओर से तोड़फोड़ को लेकर फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में लेपर्ड के बढ़ते खतरे से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।