DUSU चुनाव की काउंटिंग जारी, 7वें राउंड के बाद अध्यक्ष पद पर यश डबास आगे
NSUI के विजय शंकर मीणा को 8,216 वोट; उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन आगे
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव की मतगणना जारी
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव की मतगणना के सातवें राउंड के बाद अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास 8,825 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। NSUI के विजय शंकर मीणा को अब तक 8,216 वोट मिले हैं। दोनों उम्मीदवारों के बीच 609 वोटों का अंतर है। सचिव पद पर भी ABVP की रिया छावड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें सातवें राउंड तक 7,584 वोट मिले हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन 11,347 वोटों के साथ सबसे आगे हैं। संयुक्त सचिव पद पर समाजवादी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव बढ़त में हैं। DUSU चुनाव के लिए 18 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े 52 कॉलेजों में मतदान हुआ था। इस बार कुल 40.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 1,51,519 छात्र मतदाता थे, जिनमें से 61,312 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतगणना के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अलग-अलग पदों पर उम्मीदवारों के बीच मुकाबला जारी है और अंतिम परिणाम आने तक वोटों की गिनती के रुझानों में बदलाव संभव है।
