clash-between-kanwar...
झमटिया गंगा घाट पर बैरिकेडिंग पार करने को लेकर हुआ विवाद
कांवड़ियों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प
बेगूसराय के बछवाड़ा स्थित नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर रविवार देर रात कांवड़ियों और स्थानीय युवक के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घाट पर अफरा-तफरी और लाठी-डंडे चलने की घटना दिखाई दे रही है।
घटना के बाद सोमवार को शिवगंगा समिति ने आपात बैठक बुलाकर मामले की जानकारी ली। समिति के अनुसार, करीब 20 कांवड़ियों का समूह घाट पहुंचा था। आरोप है कि इनमें से कुछ नशे की हालत में सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में जाने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय युवक मनीष कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई
बताया गया कि इसके बाद मनीष ने भी लाठी चला दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की। लाउडस्पीकर से लगातार श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के अंदर स्नान करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।
समिति के सामने मांगी माफी
बैठक में मनीष कुमार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने का भरोसा दिया। शिवगंगा समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती की मांग करने का फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें