सांगोली हनुमान मंदिर बनेगा धार्मिक पर्यटन केंद्र
सांवरिया सेठ और त्रिनेत्र गणेश मंदिर की तर्ज पर विकास की योजना
ग्रामीणों से चर्चा करते हुए अधिकारी
घाटोल क्षेत्र के मूंगाणा गांव स्थित प्रसिद्ध सांगोली हनुमान मंदिर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। बुधवार को स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। विकास अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि मंदिर को सांवरिया सेठ और त्रिनेत्र गणेश मंदिर (थूर) की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।
योजना के तहत मंदिर में ईको-टूरिज्म, ट्री-वॉकिंग और एडवेंचर टूरिज्म जैसी गतिविधियां शुरू करने के साथ पक्षियों के लिए चुग्घा घर, शौचालय, फेंसिंग और पार्किंग की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भंडारे की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया जाएगा।
सरकार की ओर से स्वीकृत ब्लॉक स्तरीय हाट बाजार को भी मंदिर परिसर में स्थापित करने की योजना है। इससे शनिवार को लगने वाले बाजार का विस्तार होगा और करीब 500 से 700 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार व आजीविका का अवसर मिलने की उम्मीद है।
सफाई अभियान राजस्थान बाल कल्याण समिति और रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से हुआ। ग्रामीणों ने मंदिर को प्लास्टिक मुक्त रखने के साथ बाल विवाह और नशे से दूर रहने की शपथ भी ली।
यह भी पढ़ें