car-hits-female-bike...
कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
लेडी बाइकर का कहर
गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक चला रही एक युवती को कार सवार युवक द्वारा कथित तौर पर टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में युवती बाइक समेत सड़क पर गिर गई और उसकी बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने फिलहाल अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
पहले रुकने का इशारा, फिर मारी टक्कर
गुरुग्राम निवासी सिया के मुताबिक, वह रविवार सुबह अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक से राइड कर रही थीं। उनका आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद एक कार में सवार युवक लगातार उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे।
सिया का कहना है कि कार सवारों की हरकतों को देखते हुए उन्होंने उनसे दूरी बनाए रखने को कहा। इसके बाद युवकों ने बाइक रोकने का इशारा किया। अनजान लोगों के इस तरह सड़क पर रोकने की कोशिश से सिया को किसी अनहोनी की आशंका हुई, इसलिए उन्होंने बाइक नहीं रोकी।
उनके मुताबिक, कुछ दूरी तक कार पीछे चलती रही। इसके बाद कार सवार युवकों ने आगे निकलकर बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
करीब 50 मीटर घिसटी बाइक
टक्कर लगने के बाद सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं। उनकी स्पोर्ट्स बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती रही। सिया ने बताया कि उन्होंने राइडिंग गियर पहन रखा था, जिसकी वजह से हादसे में उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। पीड़िता का यह भी कहना है कि कार में सवार युवक उन्हें शराब के नशे में लग रहे थे। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं हुई है।
साथी राइडर ने कार का पीछा किया
हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वहां से निकल गया। इसके बाद सिया के एक साथी राइडर ने बाइक से कार का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद कार सवार ट्रैफिक सिग्नल के पास रास्ता बदलकर पीछा कर रहे राइडर को चकमा देने में कामयाब रहे।
पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी वाहन और उसके चालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें