rohit-sharmas-explos...
विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में क्रिकेटर रोहित शर्मा को देखने उमड़े फैंस से SMS स्टेडियम में दिखा उत्साह
रोहित शर्मा ने भी जिधर से डिमांड आई, उधर ही छक्के मारकर उत्साह बढ़ाया
जयपुर। विजय हजारे ट्रॉफी के जयपुर में हुए मैच में बुधवार को सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग कर मुंबई को ताे जीत दिलाई ही अपने फैंस का दिल भी बाग-बाग कर दिया। रोहित ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18 चौके और 9 छक्के लगाकर 155 रन बनाए। सिक्किम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 236 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते उतरी मुंबई की टीम ने रोहित शर्मा की धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत 30.3 ओवर में ही महज 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रोहित को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा एसएमएस स्टेडियम पहुंचे थे। सवाई मानसिंह स्टेडियम का ईस्ट स्टैंड दर्शकों के लिए फ्री एंट्री थी। ईस्ट स्टैंड पूरा खचाखच था। रोहित शर्मा खुलकर खेल रहे थे। युवाओं की भीड़ दर्शक दीर्घा से ज्योंहि शोर मचाती कि मारेगा, मारेगा, रोहित दादा मारेगा... और रोहित शर्मा उसी तरफ कभी चौका तो कभी छक्का मारकर उनका जोश दोगुना कर देते। शाम चार बजे तक चलने वाला मैच रोहित की शानदार पारी की बदौलत 2 बजे ही खत्म हो गया।
अगले कुछ दिन जयपुर में क्रिकेट फीवर
विजय हजारे ट्रॉफी के जयपुर में कई मैच होंगे। इन मैच में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप, यशस्वी जायसवाल जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी यहां खेलेंगे। ऐसे में जयपुर में सर्दी के सीजन में युवाओं पर क्रिकेट फीवर दिखाई दे रहा है। इन मैचेज में फ्री एंट्री है। फिलहाल बुधवार के मैच में दर्शकों के लिए ईस्ट स्टैंड ओपन था। हालांकि कुछ युवा जालियां कूदकर दूसरी तरफ भी जाकर बैठ गए थे। पुलिस के अलावा प्राइवेट सिक्योरिटी भी लगाई गई है। मैच सुबह 9 बजे से शुरू होता है।
रोहित से मिलने को ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गए
इससे पहले मंगलवार को रोहित शर्मा जब प्रैक्टिस सैशन के लिए स्टेडियम आए थे, तो उनसे मिलने के लिए कुछ युवा स्टेडियम के अंदर पहुंच गए थे। कुछ तो उनके ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गए। रोहित की सिक्योरिटी ने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद कराया। इसका वीडियो भी वायरल हो गया था।
रोहित के बल्ले ने सर्दी में ला दी गरमी
रोहित ने अधिकतर छक्के ईस्ट स्टैंड की तरफ ही मारे। एक छक्का तो ऐसा मारा कि बॉल फैंस के बीच में ही जा गिरी। युवाओं को रोहित की बल्लेबाजी देखकर मजा आ गया। रोहित के बल्ले ने जयपुर के सर्द माहौल में भी मैच देखने पहुंचे युवाओं में गरमी ला दी। प्रैक्टिस सैशन में तो युवाओं ने इंडियन फ्लैग लहरा रहे थे। रोहित खुद बस में बैठकर जाते समय उनको चीयर कर रहे थे।