मुख्य सामग्री पर जाएं

Friday, 30 October 2026

Home / स्पोर्ट्स /

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड, फा...

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया

महिला टीम ने 216 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता एशियन गेम्स गोल्ड

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता एशियन गेम्स गोल्ड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। मंगलवार को खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराया। इससे पहले 2022 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। यह एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी हुई। ऋचा घोष ने नाबाद 49 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इसी पारी के दौरान मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन भी पूरे किए।

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान चामरी अटापट्टू ने 29 रन बनाए।

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट हासिल किए। तीसरे स्थान के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

यह भी पढ़ें