प्रवासी राजस्थानी दिवस में 32 देशों से आएंगे मेहमान, अब तक 4 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
8 से 10 दिसंबर तक जयपुर में होगा आयोजन
सीएम भजनलाल शर्मा
राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे प्रवासी राजस्थानी जयपुर पहुंचेंगे। प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 में शामिल होने के लिए अब तक 32 देशों से 4 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। तीन दिवसीय आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक होगा। इसका मुख्य कार्यक्रम 10 दिसंबर को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित किया जाएगा।
विदेशों से सबसे ज्यादा पंजीकरण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से हुए हैं। इसके बाद सिंगापुर, मॉरीशस, अमेरिका और ब्रिटेन का स्थान है। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, बहरीन, बेल्जियम और कनाडा से भी प्रवासी शामिल होंगे। देश के भीतर बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट से होगी। 9 दिसंबर को राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आयोजन होंगे। वहीं, 10 दिसंबर को मुख्य प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाया जाएगा।
