राहुल गांधी 9 दिसंबर को आएंगे जयपुर
कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों को देंगे ट्रेनिंग
राहुल गांधी
कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों को संगठन की जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रशिक्षित करने के लिए जयपुर में 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 30 नवंबर को बाड़ा पदमपुरा में होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शिविर का उद्घाटन करेंगे, जबकि 9 दिसंबर को समापन सत्र में राहुल गांधी शामिल होंगे। दोनों नेताओं का कार्यक्रम तय हो चुका है।
कांग्रेस ने 19 नवंबर को 81 नए राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए थे। इनमें से कई को अलग-अलग राज्यों में सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता इन पदाधिकारियों को 10 दिन तक प्रशिक्षण देंगे। उन्हें संगठन मजबूत करने और पार्टी के पक्ष में सियासी नैरेटिव तैयार करने के तरीके सिखाए जाएंगे।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर को जयपुर आएंगे। इससे पहले माउंट आबू में भी ऐसा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा चुका है। इन कैंपों में चुनिंदा नेताओं को ही शामिल किया जाता है।
यह भी पढ़ें