मुख्य सामग्री पर जाएं

Thursday, 26 November 2026

Home / राज की बात /

पांच साल तक नगर पालिका की 'मलाई' चट कर ख...

पांच साल तक नगर पालिका की 'मलाई' चट कर खिसकने की तैयारी

बस्सी नगर पालिका में EO के एपीओ होेने की चर्चाओं से माहौल गरमाया, दो अन्य सहायक भी चुपचाप खिसकने की तैयारी में, पांच वर्ष तक बिना जन प्रतिनिधियों के चला था नगर पालिका में नौकरशाही का राज

बस्सी नगर पालिका से भागने की फिराक में कई पुराने सरकारी खिलाड़ी

बस्सी नगर पालिका से भागने की फिराक में कई पुराने सरकारी खिलाड़ी

जयपुर जिले की बस्सी नगर पालिका में पिछले पांच साल के कथित भ्रष्टाचार की ऐसी दुर्गंध उठ रही है जिसने पूरे कस्बे के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में सडांध मचा रखी है। पांच साल तक बिना किसी जन-प्रतिनिधि के बंद कमरों में अफसरशाही का जो ‘राज’ चला, नया बोर्ड बनते ही उसकी चूलें हिल गई हैं। बीच सड़क पर चेयरमैन पति और अधिशासी अधिकारी (EO) के बीच हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे और “सब जेल जाओगे” वाले वायरल बयान ने पहले ही बारूद का काम किया था और अब ताजा चर्चाओं ने सीधे धमाका कर दिया है। कस्बे के चौराहों से लेकर प्रशासनिक महकमे तक सबसे गर्म खबर यह है कि चारों तरफ भ्रष्टाचार के विवादों से घिरते देख नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (EO) ने कथित तौर पर खुद को APO (पदस्थापन की प्रतीक्षा) करवाकर ‘सेफ एग्जिट’ की राह पकड़ ली है। इतना ही नहीं उनके पीछे-पीछे पांच साल तक मलाईदार कुर्सियों पर जमे रहे दो और दागी कर्मचारी अफसर भी तबादले और भागमभाग की इसी जुगत में एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। चर्चा है कि लूट के इस कथित सिंडिकेट में शामिल दो और मलाईदार कर्मचारी भी अपने आकाओं के जरिए रातों रात बस्सी से खिसकने की पूरी जुगत भिड़ा चुके हैं।

मैदान छोड़ भागने की तैयारी?

जब तक निर्वाचित बोर्ड नहीं था तब तक बस्सी नगर पालिका कुछ अफसरों , चहेते कर्मचारियों और ठेकेदारों की जागीर बनी रही। इन पांच सालों में टेंडर किसके कटे? भुगतान किसको हुआ? घटिया निर्माण पर किसने आंखें मूंदकर साइन किए? और जनता के टैक्स का करोड़ों रुपया किसकी जेबों में समाया? आज जब नया बोर्ड हिसाब मांगने की टेबल पर बैठने लगा है तो अफसरों के पैर क्यों उखड़ रहे हैं? सड़क पर हुए ड्रामे के बाद अचानक EO का कथित रूप से APO होना और दो अन्य कर्मचारियों द्वारा खुद को यहां से सुरक्षित निकालने की चर्चा कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं दिखती। जनता इसे सीधे-सीधे "जांच से बचने का चोर दरवाजा" मान रही है। चर्चाएं साफ हैं जब काले कारनामों की फाइलें खुलने का वक्त आया तो जिम्मेदार अपनी खाल बचाने के लिए ‘तबादला एक्सप्रेस’ पर सवार होना चाहते हैं लेकिन जनता का खुला ऐलान है कि "तबादला और एपीओ बाद में पहले ऑडिट और रिकवरी" बस्सी की जागरूक जनता और पार्षदों के तेवर अब पूरी तरह तल्ख हो चुके हैं। कस्बे की थड़ियों और चौराहों पर एक ही आवाज गूंज रही है "APO कोई वॉशिंग मशीन नहीं है" जिसमें धुलकर पिछले 5 साल के कथित घोटाले पाक-साफ हो जाएंगे। अगर वित्तीय अनियमितताएं, फर्जी बिल और कमीशनखोरी हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों को रिलीव करने से पहले उनके पूरे कार्यकाल का रिकॉर्ड सीज क्यों नहीं किया जाता? क्या सरकारी खजाने को लूटने वाले सिर्फ एक तबादला आदेश या APO का ठप्पा लगवाकर आराम से दूसरी जगह जाकर बैठ जाएंगे? 

जांच के घेरे में पिछले 5 साल का कार्यकाल

खबरों की अविरल धारा

प्रशासन और नए बोर्ड के सामने अब लीपापोती की कोई गुंजाइश नहीं बची है। जनता सीधे इन सवालों पर जवाब मांग रही है फाइलों का पंचनामा कब? क्या EO और कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने से पहले पिछले 5 साल के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, टेंडरों की प्रक्रिया और सामग्री खरीद का थर्ड पार्टी स्पेशल ऑडिट कराया जाएगा? साथ ही जब तक कथित रूप से लिप्त कर्मचारी सीट पर हैं या अनौपचारिक रूप से रिकॉर्ड तक पहुंच रखते हैं तब तक साक्ष्यों को नष्ट होने से कौन बचाएगा? क्या रिकॉर्ड रूम को तुरंत प्रभाव से सील किया जाएगा? चेयरमैन पति के कथित बयान अनुसार सवाल गूंज रहे हैं वसूली और जेल कब? यदि सड़क पर लगे आरोपों में सच्चाई है और बंदरबांट हुई है तो सिर्फ ट्रांसफर क्यों? सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कर रिकवरी कब होगी? क्या APO और तबादला भ्रष्टाचार की ‘सेफ लॉन्ड्री’ है? एपीओ है या पाप छुपाकर भागने का रास्ता?

नया बोर्ड दिखाएगा दम या सिर्फ 'नूराकुश्ती'

चेयरमैन और नए बोर्ड के सामने यह पहली और सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा है। जनता यह देख रही है कि चेयरमैन पति के वायरल बयानों में सिर्फ राजनीतिक धौंस थी या वाकई भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने का जिगरा है। यदि बिना ठोस जांच, बिना ऑडिट और बिना जवाबदेही तय किए इन कथित 'खिलाड़ियों' को बस्सी से रफूचक्कर होने दिया गया तो जनता यह समझने में देर नहीं लगाएगी कि पर्दे के पीछे कोई नया 'समझौता' हो चुका है। बस्सी अब बयानों और सोशल मीडिया के तमाशों से आगे निकल चुकी है। जनता को न बहाने चाहिए न तबादलों का खेल जनता को 5 साल के एक-एक पैसे का हिसाब, फाइलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सीधी कानूनी कार्रवाई चाहिए।

यह भी पढ़ें