sunila-sharma-wife-o...
परिवार के बीच ली अंतिम सांस, सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार
संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला
प्रसिद्ध संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 12 जुलाई को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर है। परिवार और करीबी लोग उन्हें स्नेहपूर्वक 'अम्मा' कहकर पुकारते थे।
सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि सुनीला शर्मा ने अपने परिवार के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उन्होंने अपने संदेश में सुनीला शर्मा के सरल स्वभाव, प्रेम और सेवा भावना को याद करते हुए उन्हें सभी के लिए अपनापन और स्नेह का प्रतीक बताया।
उनका अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में हुआ।
सुनीला शर्मा भले ही फिल्मी दुनिया से सीधे तौर पर जुड़ी नहीं थीं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा का मजबूत सहारा बनकर साथ निभाया। पिछले कुछ वर्षों में वह उनके साथ कई संगीत समारोहों और टीवी कार्यक्रमों में भी नजर आईं। 'इंडियन आइडल 13', 'सा रे गा मा पा' और 'सुपरस्टार सिंगर' जैसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शोज में उनकी मौजूदगी दर्शकों ने देखी थी।
इंडियन आइडल 13 के लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल विशेष एपिसोड में एक प्रतियोगी और उसकी मां द्वारा भेंट की गई साड़ी पाकर वह भावुक भी हो गई थीं।
प्यारेलाल शर्मा हिंदी फिल्म संगीत की प्रतिष्ठित जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का अहम हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को अनेक यादगार और सुपरहिट गीत दिए। इस लंबे संगीत सफर में सुनीला शर्मा हर कदम पर उनके साथ रहीं।
यह भी पढ़ें