कृति सेनन ने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में लगाई याचिका
29 अक्टूबर को अगली सुनवाई
अभिनेत्री कृति सेनन
अभिनेत्री कृति सेनन ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने याचिका में अपनी पहचान से जुड़े कंटेंट के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। इसमें उनकी तस्वीरों, आवाज और उनसे मिलते-जुलते कंटेंट को बिना अनुमति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जाने का मुद्दा उठाया गया है।
शुक्रवार को जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव की अदालत में मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने कृति के वकील प्रवीण आनंद से व्यक्तित्व अधिकारों और बौद्धिक संपदा से जुड़े मामलों में हाईकोर्ट के क्षेत्राधिकार पर पूर्व में दिए गए फैसले पेश करने को कहा। अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए क्षेत्राधिकार के सवाल पर विचार जरूरी है। कोर्ट ने याचिका पर अगली सुनवाई के लिए 29 अक्टूबर की तारीख तय की है। इससे पहले भी दिल्ली हाईकोर्ट कई चर्चित हस्तियों के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के आदेश दे चुका है।
