अनोखी बारात: 8 सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकले बाराती
विंटेज कार से दुल्हन को घर ले गया दूल्हा
बैलगाड़ियों में निकले बाराती
राजस्थान के पाली जिले के बांकली गांव में एक अनोखी बारात चर्चा का विषय बन गई। यहां एक बिजनेसमैन ने बेटे की शादी में हेलीकॉप्टर और लग्जरी गाड़ियों के बजाय 8 सजी-धजी बैलगाड़ियों से बारात निकाली। दूल्हा खुद विंटेज कार में सवार होकर पहुंचा। इस नजारे को देखने के लिए गांव में करीब 2 किलोमीटर तक सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। कई लोगों ने मोबाइल में इस पल को कैद किया।
21 नवंबर को गोवा में रेडीमेड गारमेंट का कारोबार करने वाले समाराम उर्फ चंदनलाल के बेटे कुणाल उर्फ किशोर (27) की शादी थी। उनकी इच्छा थी कि बेटे की बारात यादगार बने। इसके लिए लालपुरा से 8 बैलगाड़ियां मंगवाई गईं, जिनका किराया 10 हजार रुपए प्रति गाड़ी दिया गया। विंटेज कार शिवगंज से आई थी। बारात गांव की गलियों से होते हुए दुल्हन समीक्षा के घर पहुंची। सुबह 11 बजे दोनों ने फेरे लिए। इसके बाद कुणाल विंटेज कार से दुल्हन को घर लेकर आया।
