अमेरिका से जयपुर लौटे IAS शिखर अग्रवाल, ACB जांच तेज
ACB ने कंपनी से रिकॉर्ड मांगा, पूछताछ की तैयारी, कार्मिक विभाग में दी ज्वाइनिंग
IAS शिखर अग्रवाल
अनंता रिजॉर्ट को फायदा पहुंचाने और बदले में सस्ते में 40 विला-कॉटेज की खरीद को लेकर विवादों में आए IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल अमेरिका से जयपुर लौट आए हैं। उनके आने के बाद अब मामले में ACB की जांच तेज होने की संभावना है। सरकार ने 29 अक्टूबर को उन्हें सभी पदों से हटाकर APO कर दिया था। इसके बाद उन्होंने कार्मिक विभाग में जॉइनिंग दी है।
शिखर अग्रवाल 11 नवंबर तक छुट्टी पर अमेरिका गए थे। उनकी पत्नी IPS प्रशाखा माथुर भी उनके साथ थीं। इस मामले में 31 अक्टूबर को प्रशाखा माथुर को भी APO किया जा चुका है। ACB ने विला खरीद मामले में प्राथमिक जांच दर्ज कर कंपनी से रिकॉर्ड तलब किया है। अब शिखर अग्रवाल को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी है।
जांच के दायरे में अलवर के अजबगढ़ में खरीदे गए 20 विला और उदयपुर के बुझड़ा में 20 कॉटेज हैं। शिखर अग्रवाल, उनकी पत्नी और परिवार ने गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से ये संपत्तियां 6 करोड़ 16.5 लाख रुपये में खरीदी थीं। खरीद के साथ ही सभी संपत्तियां उसी कंपनी को लीज पर दे दी गईं।
यह भी पढ़ेंविला के चक्कर में ias शिखर और ips प्रशाखा का करियर हिला
