80 दिन बाद गांव पहुंचीं अग्निवीर समुद्र की अस्थियां
अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली में हुए भूस्खलन के बाद थे लापता
पैतृक गांव केसरपुर तक सैन्य सम्मान के साथ अस्थि यात्रा निकाली गई
अलवर के अग्निवीर समुद्र गुर्जर (24) की श्रद्धांजलि यात्रा में गुरुवार को हजारों लोग शामिल हुए। 14 अगस्त 2026 को अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली में हुए भूस्खलन के बाद वे लापता हो गए थे। करीब 80 दिन बाद 3 नवंबर को सेना ने परिवार को उनकी पहचान की जानकारी दी। परिजनों ने अरुणाचल प्रदेश में ही उनका अंतिम संस्कार किया।
गुरुवार (5 नवंबर) को अलवर शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित उनके पैतृक गांव केसरपुर तक सैन्य सम्मान के साथ अस्थि यात्रा निकाली गई। जब सैन्य अधिकारियों ने परिवार को अस्थियां और तिरंगा सौंपा तो मां रोते हुए बेसुध हो गईं। पत्नी को भी परिजनों ने संभाला। समुद्र की शादी मई 2026 में ही हुई थी।
मेजर रायगोंड चटरक्की ने बताया कि समुद्र बेहद दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्र में तैनात थे, जहां खराब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बीच जवान देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं।
यह भी पढ़ें