उदयपुर में गणपति बप्पा को पहनाई 6 करोड़ के नोटों की पोशाक
दादा का दरबार और धानमंडी के मन्नत वाले राजा को देखने उमड़े श्रद्धालु
गणपति बप्पा का अनोखा श्रृंगार
उदयपुर जिले में गणेशोत्सव के दौरान बुधवार को गणपति के दो प्रमुख पंडालों में अनोखा श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। फतेहनगर के ‘दादा का दरबार’ और उदयपुर शहर के धानमंडी स्थित ‘मन्नत वाले राजा’ में गणेशजी को 6 करोड़ से अधिक के नोटों की पोशाक पहनाई गई। फतेहनगर में करीब 3.85 करोड़ रुपए के नोटों के साथ 1 किलो सोने और 41 किलो चांदी की ज्वेलरी से गणपति का श्रृंगार किया गया। 500, 200 और 100 रुपए के नोटों से माला, स्वास्तिक और ॐ की आकृतियां बनाई गईं। पूरे दरबार को भी नोटों से सजाया गया।
वहीं ‘मन्नत वाले राजा’ को 2.51 करोड़ रुपए के नोटों से सजाया गया। यहां 50, 100, 200 और 500 रुपए के नोट इस्तेमाल हुए। न्यू मेवाड़ मित्र मंडल के सहयोग से हर साल यह पोशाक तैयार होती है। पिछले वर्ष 1.55 करोड़ रुपए की पोशाक थी। दोनों पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
