india-re-elected-as-...
यूनेस्को मुख्यालय में 20-22 अक्टूबर तक आयोजित हुआ खेलों में डोपिंग के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन
खेल सचिव हरि रंजन राव और नाडा के महानिदेशक अनंत कुमार इस सम्मेलन में शामिल हुए
भारत ने पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में 20-22 अक्टूबर 2025 तक आयोजित खेलों में डोपिंग के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (सीओपी 10) के दसवें सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह बैठक इस सम्मेलन की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जो विश्व स्तर पर खेलों में डोपिंग को समाप्त करने और अखंडता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध एकमात्र कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतर्राष्ट्रीय साधन है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में सचिव (खेल) हरि रंजन राव और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के महानिदेशक अनंत कुमार शामिल थे। उन्होंने 190 से अधिक सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अफ्रीकी संघ, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति, विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। कार्यवाही के दौरान, भारत को 2025-2027 की अवधि के लिए एशिया-प्रशांत ब्यूरो (समूह IV) का पुनः उपाध्यक्ष चुना गया। अजरबैजान को सीओपी 10 ब्यूरो का अध्यक्ष चुना गया। ब्राजील, जाम्बिया और सऊदी अरब को भी अपने-अपने क्षेत्रीय समूहों के उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया। भारत ने एंटी-डोपिंग कन्वेंशन की यात्रा को प्रदर्शित करने वाले इंटरैक्टिव बोर्ड के प्रावधान की सुविधा प्रदान करके सीओपी 10 सत्र की कार्यवाही को भी अपना समर्थन दिया।