Friday, 17 April 2026

Home / City /

five-storey-illegal-...

लोगों की जान लेने को झुक रहा 'रावण'

मालवीय नगर के शहीद अमित भारद्वाज पेट्रोल पंप वाली सड़क पर निर्माणाधीन पांच मंजिला अवैध बिल्डिंग अपनी जगह छोड़ रही

News Image

पुलिस को किसी ने बताया तो फिलहाल दो हाईड्रा क्रेन लगाकर बिल्डिंग को गिरने से रोक रखा है, जेडीए और निगम को सूचना दी

जयपुर

अवैध निर्माण का खामियाजा जयपुर को कभी भी भुगतना पड़ सकता है। मालवीय नगर के शहीद अमित भारद्वाज पेट्रोल पंप वाली सड़क पर शनिवार को एक पांच मंजिला निर्माणाधीन अवैध बिल्डिंग अचानक अपनी जगह छोड़ने लगी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि बिल्डिंग पिछले भवन से सटाकर बनाई गई है, लेकिन वह धीरे-धीरे आगे की तरफ झुक रही है, मतलब अगर ऐसे ही झुकती रही तो आगे की तरफ गिर सकती है। कुल मिलाकर अवैध और घटिया निर्माण वाली यह बिल्डिंग खतरे में है, इसकी इंजीनियरिंग सही नहीं है, कुछ ही पल, घंटे या दिन में यह आगे की तरफ सड़क की तरफ गिर सकती है। अगर बिल्डिंग गिरी ताे इसमें काम कर रहे मजदूर व आसपास वाले और सड़क पर आने जाने वाले लोग व वाहन इसकी चपेट में आ जाएंगे। पुलिस ने खतरा भांपते हुए तुरंत इस सड़क से लोगों की आवाजाही बंद कर दी। बैरिकेडिंग लगाकर ट्रैफिक रोक दिया और भवन मालिक को बुलाया। भवन मालिक तीन पार्टनर बताए, वे एक दूसरे पर टालते रहे कि बिल्डिंग मेरी नहीं उसकी है।

महज 100-125 गज पर तान दी पांच मंजिल

इस बिल्डिंग को देखने के बाद पुलिस ने बताया कि कुछ 100-125 गज के करीब का प्लॉट है। सड़क किनारे का है, ऐसे में तीन पाटर्नरों ने मिलकर इस पर कॉमर्शियल टाइप का निर्माण चला रखा था। ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और उपर चार मंजिला निर्माण कर लिया था। फिनिशिंग चल रही थी, इसी दौरान बिल्डिंग आगे की तरफ झुकने लगी। मतलब झूलने लगी है। मतलब साफ है कि इसका निर्माण घटिया है। पिलर्स की गहराई और सरिया का गेज बिल्डिंग की ऊंचाई के हिसाब से नहीं लिया गया, ऐसे में हाइड अधिक होने और फ्लाेरिंग का काम चलने पर वजन बढ़ने से यह आगे की तरफ झुकने लगी है।

हाईड्रा क्रेन लगाकर झुकने से रोका

पुलिस ने मौके पर दो हाइड्रा क्रेन बुलाकर जैक की तरह उनको बिल्डिंग के सामने की तरफ खड़ा कर दिया है। जिससे बिल्डिंग फिलहाल झुकना बंद हो गई, लेकिन क्रेन हटते ही यह फिर झुकेगी और किसी भी पल गिरेगी। ऐसे में जेडीए और नगर निगम को सूचना दी गई है। जेडीए का एनफोर्समेंट दस्ता रविवार सुबह इस बिल्डिंग को गिरा सकता है। जेडीए में इनता लंबा चौड़ा अमला होने के बावजूद यह अवैध बिल्डिंग शहर के बीचों बीच कैसे बन गई यह बड़ा सवाल है। इसकी भी जांच होनी चाहिए।



यह भी पढ़ें
×