a-drinking-water-pro...
पुराने जेल परिसर में ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू, कई इलाको को मिलेगा पानी
सांभरझील में 5.49 करोड़ की पेयजल परियोजना शुरू
सांभरझील शहर में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए मंगलवार को करीब 5 करोड़ 49 लाख रुपए की परियोजना का काम शुरू किया गया। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने पुराने जेल परिसर में परियोजना के पहले चरण की शुरुआत कराई। इस दौरान जेसीबी से दो स्थानों पर खुदाई कर प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू किया गया। परियोजना पूरी होने के बाद आलमपुरा, निर्वानों का मोहल्ला, बरडोटी मोहल्ला, शहीद पूनमचंद मार्ग और खटीकों की हताई समेत आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। योजना के तहत पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को भी बदला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इससे करीब 80 प्रतिशत तक बाधित जलापूर्ति व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी।
निर्माण की शुरुआत के दौरान अधिशासी अभियंता मदनलाल मीणा, सहायक अभियंता राम सिंह गुर्जर और कनिष्ठ अभियंता अंजलि नागरवाल मौजूद रहे। पूर्व पार्षद विष्णु कुमार सिंघानिया, गौतम सिंघानिया और राजेंद्र जोबनेरिया ने अधिकारियों का साफा पहनाकर स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने योजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई।