SRN स्कूल की रजत जयंती पर दिखी भारतीय संस्कृति की दिव्यता
एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल, जगतपुरा का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल में वेंचुरा 2K26
एसआरएन इंटरनेशनल स्कूल, जगतपुरा जयपुर में विद्यालय की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह ‘वेंचुरा 2K26’ भव्य आयोजन किया गया। ‘भारत की विविधता में दिव्यता’ थीम पर आधारित समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, परंपराओं और राष्ट्रगौरव को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर डॉ. मनमोहन सिंह राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि सीबीएसई अजमेर के क्षेत्रीय अधिकारी विवेकानंद बहुखंडी रहे। विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं आरएएस अधिकारी अवि मिश्रा उपस्थित रहीं। समारोह में चेयरमैन रवि शंकर (आईएफएस सेवानिवृत्त), डायरेक्टर उषा शर्मा, कैम्ब्रिज विंग की डायरेक्टर रविशा अग्रवाल एवं अपार शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने ‘दा टाइमलेस बांड ऑफ लव एंड वैल्यू’ के माध्यम से पारिवारिक संस्कारों एवं प्रेम का संदेश दिया। वहीं ‘शुभारंभ : अ डिवाइन सेलिब्रेशन’ ने भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। ‘सुरों की सुनहरी दुनिया’ में संगीत जगत की महान हस्तियों को संगीतमय श्रद्धांजलि दी गई, जबकि ‘गली टू ग्लोरी’ के जरिए खेलों में भारत की गौरवशाली यात्रा दिखाई गई।
‘तेजस्विनी’ और ‘समुद्र मंथन’ जैसी प्रस्तुतियों में नारी शक्ति, भगवान शिव के त्याग और लोककल्याण की भावना को दर्शाया गया। गुरु अर्जुन देव, भगवान महावीर और महान गणितज्ञ आर्यभट्ट पर आधारित प्रस्तुतियों ने भारतीय इतिहास, आध्यात्मिकता और ज्ञान-विज्ञान की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया।
कक्षा 11 के विद्यार्थियों की नाट्य प्रस्तुति ‘द रोरिंग लायंस ऑफ भारत : लाल-बाल-पाल’ विशेष आकर्षण रही। इसमें लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, स्वदेशी आंदोलन और राष्ट्रभक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं अंग्रेजी नाटिका ‘इंटरनेशनल : वन वर्ल्ड, मेनी वॉइसेस’ में समसामयिक सामाजिक विषयों को उठाया गया। कैम्ब्रिज विंग की ‘ग्लोबल फिएस्टा’ ने वैश्विक सद्भाव और विविधता में एकता का संदेश दिया। एसआरएन रॉक बैंड और विद्यालय की 25 वर्षों की यात्रा को समर्पित ‘प्लैनेट जोरा’ को भी दर्शकों की सराहना मिली।
यह भी पढ़ें