viral-video-of-zombi...
प्रेगाबालिन कैप्सूल लेकर कर रहे थे जॉम्बी ड्रग के असर की एक्टिंग
पकड़ा गया युवक
जॉम्बी ड्रग’ के नाम से वायरल हुआ वीडियो आखिरकार श्रीगंगानगर का ही निकला। वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवक भी श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र की भांभू कॉलोनी निवासी योगेश (30) और जोगिंदर (27) को पूछताछ के लिए डिटेन किया है। कोतवाली थाना प्रभारी तेजवंत सिंह बराड़ के अनुसार, पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल का सेवन करने के बाद ‘जॉम्बी ड्रग’ के प्रभाव में होने की एक्टिंग की थी। उनका दावा है कि उन्होंने असल में कभी जॉम्बी ड्रग नहीं लिया। हालांकि पुलिस दोनों की मेडिकल जांच करवाएगी।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो श्रीगंगानगर के जस्सा सिंह मार्ग स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास 7 अगस्त सुबह 11:01 बजे रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद पीलीबंगा के एक युवक ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया और बैकग्राउंड में पंजाबी गाना लगा दिया। 41 सेकेंड के वीडियो में दोनों युवक सड़क किनारे एक ही मुद्रा में खड़े दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसे पंजाब से जोड़कर भी देखा गया था। अब पुलिस की पूछताछ में इसकी असल लोकेशन और वीडियो बनाने की वजह सामने आई है।