2030 तक AI से मानव सभ्यता खत्म होने की आशंका 0% संभावना-जेंसन हुआंग
ऑल्टमैन-मस्क की 'तबाही वाली चेतावनियों' को किया खारिज
AI से दुनिया खत्म होने का खतरा नहीं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से 2030 तक मानव सभ्यता खत्म होने की आशंकाओं को एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग ने खारिज किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि 2030 तक दुनिया खत्म होने की संभावना 0% है। उन्होंने ऐसी चेतावनियों को ‘डूम्सडे नैरेटिव’ बताते हुए कहा कि लोगों में डर पैदा करना गैरजरूरी और गैर जिम्मेदाराना है।
हुआंग की यह टिप्पणी AI के भविष्य को लेकर टेक इंडस्ट्री में चल रही बहस के बीच आई है। पूर्व एंथ्रोपिक रिसर्चर जैकब कॉक्सन समेत कुछ AI विशेषज्ञों ने उन्नत AI के संभावित अस्तित्वगत खतरों को लेकर चिंता जताई है। एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई और ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन भी AI सुरक्षा और विकास की गति को लेकर सार्वजनिक रूप से चिंता जता चुके हैं।
हुआंग का कहना है कि ऐसी भविष्यवाणियां विज्ञान पर आधारित नहीं हैं। उन्होंने AI कंपनियों पर मौजूदा कानूनों के तहत जिम्मेदारी तय करने की बात कही और नए नियमों के बजाय साइबर सिक्योरिटी व प्रोडक्ट लायबिलिटी जैसे मौजूदा कानूनों को लागू करने पर जोर दिया।
एनवीडिया AI मॉडल्स की ट्रेनिंग और संचालन में इस्तेमाल होने वाले हाई-परफॉर्मेंस GPU चिप्स की प्रमुख निर्माता है।
यह भी पढ़ें