alert-issued-for-hea...
कई हिस्सों में तापमान अब भी 40 डिग्री करीब
जयपुर में बरसे बादल
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने के संकेत हैं। सोमवार दोपहर जयपुर में बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 36 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम फिलहाल दक्षिण दिशा की ओर थोड़ा खिसक गया है, जिसके चलते रविवार को राजस्थान में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा।
जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में रविवार को मौसम साफ रहा और धूप निकली। वहीं कोटा और उदयपुर संभाग में दोपहर बाद बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई।
16 सितंबर तक रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का प्रभाव राजस्थान में 16 सितंबर तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान सिरोही, जालौर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, हनुमानगढ़, प्रतापगढ़, उदयपुर, धौलपुर, कोटा, बारां और झालावाड़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के आंकड़ों में झालावाड़ का पचपहाड़ सबसे आगे रहा, जहां 33 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 32 MM बरसात हुई।
खिसकी मानसून ट्रफ लाइन
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण की ओर शिफ्ट हो गई है। यह ट्रफ जैसलमेर और कोटा से होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम तक पहुंच रही है। इसके बाद इसका रास्ता विदर्भ, राजनांदगांव और भवानीपटना से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बताया गया है। ट्रफ लाइन की स्थिति में हुए इस बदलाव का असर राजस्थान में बारिश के वितरण पर भी देखने को मिल रहा है।
गर्मी बरकरार
एक तरफ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट है, वहीं पश्चिमी राजस्थान में गर्मी से राहत नहीं मिली है। सितंबर का दूसरा सप्ताह बीतने के बावजूद कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
रविवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग में रविवार को दिनभर मौसम मुख्यतः साफ रहा। सामान्य से अधिक तापमान के चलते इन क्षेत्रों में लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।