राजस्थान में CET समेत पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं की नई तारीखें जारी
नवंबर से फरवरी तक होंगी परीक्षाएं
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने CET समेत पांच बड़ी भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। सोमवार, 28 सितंबर को जारी कार्यक्रम के मुताबिक ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच आयोजित होंगी। अक्टूबर में प्रस्तावित पंचायतीराज चुनावों के कारण परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। इन परीक्षाओं में 50 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार टीचिंग एसोसिएट (संविदा आधारित) भर्ती के 32 विषयों की परीक्षाएं 17 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर होंगी। CET सीनियर सेकंडरी स्तर की परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 तक दो पारियों में आयोजित की जाएगी।
CET स्नातक स्तर की परीक्षा 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को होगी। 16 और 17 जनवरी को दो-दो पारियां, जबकि 18 जनवरी को एक पारी में परीक्षा होगी। वहीं, प्रयोगशाला परिचारक सीधी भर्ती परीक्षा 25 जनवरी और कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 3 से 5 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएगी।
RSSB अध्यक्ष आलोक राज ने अभ्यर्थियों से संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी और जरूरी व्यवस्थाएं करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें