A-5-year-old-girl-wa...
कलाई, पीठ और सिर पर चोट
5 साल की बच्ची पर कुत्ते ने किया हमला
कोटा में 5 साल की बच्ची पर आवारा कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। बच्ची गली में अकेली जा रही थी, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को सड़क पर गिरा दिया और कई जगह नोचकर काट लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना शनिवार शाम करीब 7:15 बजे गुमानपुरा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में हुई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज करवाया गया।
चिल्लाने की आवाज पर दौड़े लोग
घायल बच्ची के पिता मोबिन ने बताया कि उनकी 5 साल की बेटी नमरा घर के बाहर गली में दौड़ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे।
लोगों ने कुत्ते को भगाया, जिसके बाद बच्ची को परिजन अस्पताल लेकर गए। कुत्ते के हमले में नमरा की कलाई, पीठ और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट और काटने के निशान आए हैं।
आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बच्चों और अन्य लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें